Adani Share Price: अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) पर आज शु्क्रवार को लगातार तीसरे दिन बिकवाली और मुनाफावसूली का दबाव बना रहा. इसके चलते समूह के आधे शेयरों को नुकसान उठाना पड़ गया. हालांकि अडानी का मीडिया स्टॉक एनडीटीवी बिकवाली के दबाव को लगातार मात दे रहा है.

अडानी एंटरप्राइजेज के लिए बढ़िया सप्ताह

सप्ताह के अंतिम दिन फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के भाव में मामूली तेजी रही. सप्ताह के शुरुआती दो दिनों में इसके भाव में 35 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई थी, उसके बाद बुधवार से यह मुनाफावसूली का शिकार हो गया. हालांकि इसके बाद भी साप्ताहिक आधार पर यह शेयर करीब 30 फीसदी के फायदे में रहा है.

इन शेयरों में आई अच्छी तेजी

अडानी समूह के मीडिया स्टॉक एनडीटीवी (NDTV) पर लगातार तीसरे दिन अपर सर्किट लगा. यह शेयर समूह के अन्य शेयरों में हो रही बिकवाली से बेअसर है. अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई. वहीं अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) और एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के भाव में भी हल्की तेजी दर्ज की गई.

इन 5 शेयरों को हुआ नुकसान

दूसरी ओर समूह के 5 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) और अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) के भाव में करीब साढ़े चार-चार फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी पावर (Adani Power) और अडानी विल्मर (Adani Wilmar) भी नुकसान में बंद हुए.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी226.504.98
अडानी एंटरप्राइजेज2543.350.29
अडानी ग्रीन963.30-0.77
अडानी पोर्ट्स726.900.26
अडानी पावर258.05-0.50
अडानी ट्रांसमिशन850.80-4.56
अडानी विल्मर450.35-0.31
अडानी टोटल गैस760.55-4.44
एसीसी1785.000.37
अंबुजा सीमेंट424.701.32

बाजार के लिए ठीक रहा सप्ताह

घरेलू बाजार में आज भी तेजी रही. यह सप्ताह घरेलू बाजार के लिए भी अच्छा साबित हुआ. सप्ताह के दौरान सिर्फ बुधवार को ही बाजार को नुकसान उठाना पड़ा. इस तरह देखें तो सप्ताह के 5 दिनों में से 4 दिन बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ. हालांकि सप्ताह के सभी सेशन में बाजार की चाल एक दायरे में सीमित रही.