Adani Share Price: अडानी समूह के शेयरों (Adani Group Stocks) में पिछले सप्ताह से चल रहा गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार को मिली राहत ‘चार दिनों चांदनी’ भी साबित नहीं हो पाई, और आज बुधवार को फिर से अडानी समूह के ज्यादातर शेयरों के भाव गिर गए.

सप्ताह के तीसरे दिन का कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के 10 शेयरों में से 5 के भाव में गिरावट दर्ज की गई. जिन 5 शेयरों ने कारोबार को ग्रीन जोन में समाप्त किया, उनमें से तीन की बढ़त बेहद मामूली रही.

इन शेयरों को हो गया नुकसान

सबसे ज्यादा नुकसान अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) को हुआ. इसके भाव में ढाई फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई. एक दिन पहले के कारोबार में इसके ऊपर अपर सर्किट लगा था.  कल अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) के शेयर पर भी अपर सर्किट लगा था, लेकिन आज यह डेढ़ फीसदी से ज्यादा के नुकसान में रहा. अडानी ग्रीन (Adani Green) और अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) के भाव में भी करीब 1-1 फीसदी की गिरावट आई. एनडीटीवी (NDTV) भी नुकसान में बंद हुआ.

चढ़े इन शेयरों के भाव

दूसरी ओर अडानी पावर (Adani Power) में ढाई फीसदी से ज्यादा की तेजी रही. इसके अलावा अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) करीब 1 फीसदी की अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ. हालांकि फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises), अडानी विल्मर (Adani Wilmar) और एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के भाव में हल्की-फुल्की तेजी देखने को मिली.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी182.50-0.27
अडानी एंटरप्राइजेज1848.000.14
अडानी ग्रीन924.65-0.61
अडानी पोर्ट्स664.70-1.00
अडानी पावर211.052.58
अडानी ट्रांसमिशन986.60-2.56
अडानी विल्मर403.100.06
अडानी टोटल गैस920.25-1.59
एसीसी1738.250.19
अंबुजा सीमेंट386.701.07

लगातार आ रही है गिरावट

इससे पहले मंगलवार को अडानी समूह के लगभग सारे शेयर फायदे में रहे थे. अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) के शेयरों पर तो अपर सर्किट लगा था. अडानी समूह के शेयर पिछले सप्ताह से ही गिरावट की चपेट में हैं. अडानी समूह के लिए पिछला सप्ताह करीब 2 महीने में सबसे खराब रहा था. गिरावट का सिलसिला इस सप्ताह के पहले दिन भी जारी रहा था.

ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने दी टैक्सपेयर्स को राहत, कर अधिकारियों की मनमानी पर लगेगी लगाम