Adani Share Price: घरेलू शेयर बाजार की रिकॉर्ड तोड़ रैली के दौर में लंबे अंतराल के बाद अडानी के शेयरों में तेजी देखने को मिली है. अडानी समूह के शेयर जून महीने की शुरुआत से ही लगातार गिरावट का सामना कर रहे थे, लेकिन इस सप्ताह के पहले दिन सोमवार को नजारा कुछ अलग रहा.

इन्होंने की रैली की अगुवाई

अडानी के शेयरों ने आज कारोबार की शुरुआत ही अच्छी की. कारोबार समाप्त होने के बाद अडानी समूह के लगभग सभी शेयरों में तेजी देखी गई. रैली की अगुवाई अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) और एनडीटीवी (NDTV) ने की. अडानी ट्रांसमिशन का भाव जहां 4 फीसदी तक मजबूत हुआ, वहीं एनडीटीवी में 2.50 फीसदी तक की तेजी रिकॉर्ड की गई.

इन शेयरों में भी आई तेजी

कारोबार समाप्त होने के बाद फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) भी करीब डेढ़ फीसदी के फायदे में रहा. अडानी पावर (Adani Power) और एसीसी (ACC) के भाव में भी बढ़िया तेजी रही. इनके अलावा अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी पोर्ट्स (Adani Ports), अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) और अडानी विल्मर (Adani Wilmar) जैसे शेयर भी फायदे में रहे.

अकेले इस शेयर को नुकसान

दूसरी ओर सिर्फ एक शेयर अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) मामूली नुकसान में रहा.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
अडानी एंटरप्राइजेज2408.301.32
अडानी ग्रीन964.200.02
अडानी पोर्ट्स731.200.65
अडानी पावर245.751.61
अडानी ट्रांसमिशन769.903.74
अडानी विल्मर402.500.92
अडानी टोटल गैस647.052.02
अंबुजा सीमेंट416.15-0.06
एसीसी1810.001.86
एनडीटीवी229.052.67

लगातार छह सप्ताह नुकसान

अडानी समूह के शेयर आज के कारोबार में भले ही तेजी में रहे, लेकिन उन्हें इससे पहले लगातार गिरावट का सामना करना पड़ रहा था. अडानी समूह के शेयर आज के कारोबार से पहले लगातार छह सप्ताह गिरावट का शिकार हो चुके हैं.

घरेलू बाजार का नया रिकॉर्ड

घरेलू बाजार की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) दोनों प्रमुख सूचकांकों ने आज फिर नया रिकॉर्ड बना दिया. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 529 अंक यानी 0.80 फीसदी की बढ़त के साथ 66,590 अंक पर बंद हुआ. निफ्टी भी करीब 150 अंक यानी 0.75 फीसदी की बढ़त के साथ 19,711 अंक के पार बंद हुआ. यह दोनों सूचकांकों का नया क्लोजिंग हाई लेवल है. दोनों ने कारोबार के दौरान नया ऑल टाइम हाई लेवल भी बनाया.

ये भी पढ़ें: बाजार की रैली से निवेशकों की मौज, 3 महीने में मल्टीबैगर बने 41 शेयर