Adani Share Price: अडानी समूह के शेयर (Adani Group Stocks) करीब एक सप्ताह से लगातार आ रही गिरावट पर अंतत: आज ब्रेक लगाने में कामयाब हुए. गुरुवार के कारोबार में अडानी समूह के लगभग सभी शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया और ज्यादातर के भाव बढ़त में रहे. समूह के दो शेयरों ने तो अपर सर्किट भी लगा दिया.

इन दोनों ने दिखाई मजबूती

चालू सप्ताह के चौथे दिन के कारोबार में सबसे बढ़िया प्रदर्शन अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) का रहा. इसने पांच फीसदी की तेजी के साथ कारोबार समाप्त किया. इससे पहले अडानी ट्रांसमिशन के शेयर में लगातार छह दिनों से गिरावट देखी जा रही थी. पिछले छह दिनों में कंपनी के शेयर के भाव में 15 फीसदी तक की गिरावट आई थी. आज के कारोबार में अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) ने भी जबरदस्त रिकवरी की. कारोबार के दौरान इसने भी अपर सर्किट लगाया, लेकिन बाद में कुछ फिसल गया.

स्थिर रहा फ्लैगशिप शेयर

अडानी समूह के फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने आज लगभग पुराने स्तर पर ही कारोबार को समाप्त किया. हालांकि इसका भाव लगातार तीसरे दिन लाल निशान में रहा. बुधवार को भी इसके भाव में गिरावट मामूली रही थी और यह लगभग पुराने स्तर पर ही रहा था. मंगलवार को इसके भाव में 1.50 फीसदी की गिरावट आई थी.

समूह के बाकी शेयरों का हाल

अडानी समूह के अन्य शेयरों की बात करें तो अडानी पावर (Adani Power), अडानी ग्रीन (Adani Green), अडानी विल्मर (Adani Wilmar), एनडीटीवी (NDTV), अंबुजा सीमेंट (Ambuja Cement) और एसीसी सीमेंट (ACC Cement) के भाव में 1 से 2 फीसदी के बीच की तेजी आई. वहीं दूसरी ओर अडानी पोर्ट्स (Adani Ports) के भाव में 0.70 फीसदी की गिरावट आई.

सभी शेयरों का प्रदर्शन:

कंपनी का नामआज का बंद भाव (बीएसई पर, रुपये में)बदलाव (फीसदी में)
एनडीटीवी241.001.60
अडानी एंटरप्राइजेज2492.25-0.08
अडानी ग्रीन993.401.02
अडानी पोर्ट्स732.30-0.67
अडानी पावर254.151.72
अडानी ट्रांसमिशन816.405.00
अडानी विल्मर442.001.47
अडानी टोटल गैस693.904.33
एसीसी1801.500.99
अंबुजा सीमेंट429.201.33

दूसरे दिन भी गिरा बाजार

घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार दूसरे दिन गिरावट का सिलसिला जारी रहा. बाजार ने मंगलवार को 5 महीने के उच्च स्तर को छुआ था, लेकिन उसके बाद से यह मुनाफावसूली की चपेट में आ गया है. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आज करीब 200 अंक के नुकसान में रहा है. वहीं निफ्टी महज 2 दिन में ही फिर से 18,500 अंक से नीचे आ गया है.

ये भी पढ़ें: 3.5 बिलियन डॉलर जुटाने की तैयारी, इन कंपनियों के शेयर बेचने वाले हैं गौतम अडानी