नई दिल्ली: एक ओर जहां ओडिशा और आंध्र प्रदेश में 'तितली' तूफान से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हाहाकार मचा है. वहीं दूसरी ओर शेयर बाजार में साइक्लोन जैसी स्थिति बनने से हाहाकार मचा है. आज भारतीय शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुले हैं. सेंसेक्स 1,030 अंक गिरकर 34,000 अंक के स्तर से नीचे चला गया. बंबई शेयर बाजार के 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,030.40 अंक यानी 2.95% लुढ़कर 33,730.49 अंक पर खुला है. बुधवार को इसमें 461.42 अंक की तेजी देखी गई थी. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 281.70 अंक यानी 2.69% गिरकर 10,178.70 अंक के नीचे चला गया.

ब्रोकरों ने कहा कि अमेरिकी शेयर बाजारों में भारी उथल-पुथल के बाद वैश्विक स्तर पर बिकवाली का दौर चला जिसका असर घरेलू शेयर बाजार में देखा गया. इसके अलावा अमेरिका-चीन के बीच चल रहे व्यापार युद्ध और फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना से भी नई चिंताएं पैदा हुई हैं. इससे भी बाजार प्रभावित हुआ है.

डॉलर के मुकाबले रुपये की हालत भी खस्ताहाल नजर आ रही है. डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट का दौर जारी है. लगातार गिर रहा रुपया आज ऐतिहासिक निचले स्तर 74.47 पर पहुंच गया. जानकारों के मुताबिक क्रूड ऑयल की कीमत में हुई बढ़ोतरी और अमेरिकी करेंसी के मजबूत होने की वजह से रुपए में गिरावट दर्ज की गई है. रुपये की गिरावट को देखते हुए कहा जल्द ही रुपया गिरावट में सिल्वर जुबली बना लेगा.

मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि आयातकों की तरफ से डॉलर की मांग बढ़ने, राजकोषीय घाटा बढ़ने के डर और पूंजी के बाहर जाने का रुपया पर दबाव पड़ा. बुधवार को रुपया 18 पैसे टूट कर डॉलर के मुकाबले 74.21 के स्तर पर बंद हुआ था.