इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है और कंपनियां लगातार नई टेक्नोलॉजी पर काम कर रही हैं. इसी कड़ी में फिनलैंड की कंपनी Verge Motorcycles ने दुनिया की पहली सॉलिड-स्टेट बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकल Verge TS Pro का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है. इस बाइक को Donut Lab के साथ मिलकर तैयार किया गया है. इसकी खास बात यह है कि यह बहुत कम समय में चार्ज हो जाती है और लंबी दूरी तय कर सकती है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है.
सॉलिड-स्टेट बैटरी क्या है और क्यों है खास
अब तक ज्यादातर इलेक्ट्रिक वाहनों में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है, जिसमें लिक्विड होता है. लेकिन Verge TS Pro में सॉलिड-स्टेट बैटरी दी गई है, जिसमें Solid मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है. इस बैटरी के कई फायदे हैं. यह ज्यादा सेफ होती है और इसमें आग लगने का खतरा बहुत कम होता है. इसके अलावा इसकी लाइफ भी लंबी होती है, यह बैटरी ज्यादा एनर्जी स्टोर कर सकती है और फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है.
चाय पीते-पीते हो जाएगी चार्ज
Verge TS Pro को दो वेरिएंट में पेश किया गया है. इसका स्टैंडर्ड वर्जन एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 350 किलोमीटर तक चल सकता है. वहीं, इसका लॉन्ग रेंज वर्जन करीब 600 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है. सबसे खास बात इसकी चार्जिंग है. यह बाइक इतनी तेजी से चार्ज होती है कि सिर्फ 5 मिनट में 10 से 50 प्रतिशत तक और 9 मिनट में 70 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है. यानी जितनी देर में आप एक कप चाय पीते हैं, उतनी देर में यह बाइक काफी हद तक चार्ज हो जाती है.
सुपरबाइक जैसी ताकत
ये बाइक सिर्फ रेंज में ही नहीं, बल्कि पावर के मामले में भी काफी आगे है. इसमें Donut 2.0 मोटर दी गई है, जो 137 hp की पावर और 1000 Nm का जबरदस्त टॉर्क देती है. इससे यह बाइक हर तरह की सड़कों पर आसानी से चल सकती है. सेफ्टी के मामले में भी यह बाइक काफी भरोसेमंद है. इसकी बैटरी को कई तरह से टेस्ट किया गया है. अगर बैटरी का कोई हिस्सा खराब भी हो जाए, तब भी इसमें आग नहीं लगती और यह सुरक्षित तरीके से काम करती रहती है.
कीमत और उपलब्धता
अमेरिका में Verge TS Pro की शुरुआती कीमत लगभग 29,990 डॉलर है, जो भारतीय रुपये में करीब 27 लाख रुपये के आसपास होती है. अगर आप इसका बड़ा बैटरी वर्जन लेना चाहते हैं, तो इसके लिए करीब 5,000 डॉलर एक्स्ट्रा देने होंगे. इस बाइक को बुक करने के लिए सिर्फ 100 डॉलर की शुरुआती राशि देनी होती है, जिससे ग्राहक आसानी से इसे रिजर्व कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: Mahindra की टेंशन बढ़ाने जल्द आ रही MG की नई SUV, रेंज जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
Car loan Information:
Calculate Car Loan EMI