भारत में इथेनॉल को पेट्रोल के विकल्प और मिश्रण के तौर पर बढ़ावा दिया जा रहा है. 26 अक्टूबर 2026 को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने Central Motor Vehicles Rules, 1989 में बदलाव कर E100 को फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए नियम में शामिल किया है. E100 का मतलब लगभग पूरी तरह इथेनॉल से बना ईंधन होता है.
ऐसे में कई लोगों के मन में अब सवाल उठ रहा है कि क्या मौजूदा पेट्रोल कार को भी कन्वर्ट करके E100 पर चलाया जा सकता है. सरकार के के मुताबिक, सामान्य पेट्रोल या केवल E20 के लिए बनी कार को E100 डालकर चलाने की अनुमति नहीं है. E85/E100 के लिए वाहन को खास तौर पर डिजाइन और प्रमाणित किया जाना जरूरी है.
पुरानी पेट्रोल कार को E100 में कन्वर्ट करा सकते हैं?
E100 के लिए केवल इंजन में बदलाव पर्याप्त नहीं होता. हाई-इथेनॉल फ्यूल के अनुरूप फ्यूल टैंक, फ्यूल लाइन, पंप, इंजेक्टर, सील और अन्य फ्यूल-सिस्टम कंपोनेंट्स की जरूरत होती है. इसके अलावा इंजन कंट्रोल और कैलिब्रेशन को भी अलग तरीके से तैयार करना पड़ता है. फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों में सेंसर और इंजन कंट्रोल सिस्टम इस्तेमाल किए जाने वाले फ्यूल के हिसाब से ऑपरेशन को एडजस्ट करते हैं. यानी सिर्फ मैकेनिक से कुछ पार्ट बदलवाकर E100 भर देना सुरक्षित या नियमानुसार समाधान नहीं माना जा सकता.
यह भी पढ़ें: दुनिया में कहां-कहां चल रही E100 वाली कारें, इस मामले में भारत कहां?
E20 और E100 के बीच अंतर
नया नियम मौजूदा कार मालिकों को अपनी गाड़ी E100 में बदलने के लिए नहीं कहता. MoRTH ने साफ किया है कि यह बदलाव उन वाहनों के लिए है जिन्हें E85/E100 इस्तेमाल करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन और प्रमाणित किया गया है. इसका मतलब यह भी है कि आपकी कार अगर अभी E20-compatible है, तो सिर्फ इसलिए वह E100-compatible नहीं हो जाती. E20 और E100 के बीच बहुत बड़ा तकनीकी अंतर है.
निर्माता की गाइडलाइन का पालन करें
अगर आपकी कार पेट्रोल या E20 के लिए बनी है, तो फिलहाल निर्माता द्वारा बताए गए फ्यूल का ही इस्तेमाल करें. गाड़ी के फ्यूल-कम्पैटिबिलिटी स्टिकर और मालिक की मैनुअल में दी गई जानकारी देखें. सरकार ने भी वाहन मालिकों को निर्माता की गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी है. इसलिए E100 को लेकर सबसे जरूरी बात यह है कि सरकार ने E100 वाहनों का रास्ता साफ किया है, पुरानी पेट्रोल कारों को E100 में बदलने की सामान्य अनुमति नहीं दी है.
यह भी पढ़ें: जासूसी करती हैं BYD की गाड़ियां? अमेरिका ने बैन कीं चीन की ये कारें
Car loan Information:
Calculate Car Loan EMI