सर्दियों का मौसम EV चलाने वालों के लिए सिर्फ ठंड और कोहरे की चुनौती नहीं लाता, बल्कि वाहन की रेंज पर भी असर डालता है. तापमान गिरने के साथ बैटरी की परफोर्मेंस में सामान्य मौसम के मुकाबले कमी आ जाती है. इसके अलावा केबिन को गर्म रखने के लिए हीटर का इस्तेमाल भी अतिरिक्त ऊर्जा खपत करता है.
इसी वजह से ठंड के मौसम में एक बार चार्ज करने पर मिलने वाली रेंज कुछ कम दिखाई देती है. खासकर रातभर खुले में खड़े वाहन में सुबह के समय इसका असर ज्यादा महसूस हो सकता है. हालांकि कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप इस प्रभाव को कम कर सकते हैं और लंबी यात्रा के दौरान रेंज को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं.
इसलिए कम हो जाती है EV की रेंज
EV में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी का प्रदर्शन तापमान पर निर्भर करता है. बहुत कम तापमान में बैटरी के अंदर होने वाली केमिकल प्रोसेस धीमी हो जाती है. इससे वाहन को उतनी आसानी से ऊर्जा उपलब्ध नहीं होती, जितनी सामान्य तापमान पर मिलती है. हालांकि भारत के ज्यादातर हिस्सों में तापमान अत्यधिक कम नहीं होता, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में सर्दियों की सुबह बैटरी पर इसका असर महसूस किया जा सकता है.
हीटर भी बढ़ाता है बिजली की खपत
पेट्रोल या डीजल कार में इंजन से पैदा होने वाली गर्मी का इस्तेमाल केबिन को गर्म करने में किया जाता है. EV में ऐसा विकल्प सीमित होता है. इसलिए केबिन हीटर, सीट हीटिंग और डिफॉगिंग जैसे फीचर्स बैटरी से अतिरिक्त ऊर्जा लेते हैं. यदि ड्राइवर लगातार ज्यादा तापमान पर हीटर चलाता है, तो इसका सीधा असर ड्राइविंग रेंज पर पड़ता है. इसलिए जरूरत के अनुसार ही हीटिंग का इस्तेमाल करना बेहतर है.
यह भी पढ़ें: EV की बैटरी जल्दी होगी कमजोर, कहीं आप तो नहीं कर रहे ये 5 गलतियां
इन बातों का रखें ध्यान
सर्दियों में लंबी यात्रा से पहले पर्याप्त चार्ज रखना बेहतर है. वहीं रातभर खुले में वाहन रखने की बजाय अच्छी तरह बंद पार्किंग में रखें. कई आधुनिक EV में ऐप या चार्जिंग के दौरान केबिन को पहले से गर्म करने की सुविधा होती है. यदि वाहन चार्जिंग पर लगा है, तो यात्रा शुरू करने से पहले केबिन को गर्म करना बैटरी पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम कर सकता है. ठंड में टायरों का एयर प्रेशर भी कम हो जाता है. कम प्रेशर से रोलिंग रेजिस्टेंस बढ़ता है और ऊर्जा की खपत भी बढ़ती है. ऐसे में टायर की नियमित जांच भी जरूरी है.
रेंज कम हो तो घबराने की जरूरत नहीं
सर्दियों में रेंज में कमी हमेशा बैटरी खराब होने का संकेत नहीं होती. मौसम सामान्य होने पर वाहन की ऊर्जा और रेंज भी बेहतर हो जाती है. हालांकि यदि तापमान सामान्य होने के बाद भी रेंज में बदलाव दिखाई दे रहा है, तो सर्विस सेंटर पर बैटरी और वाहन की जांच कराना बेहतर होगा.
यह भी पढ़ें: Hyundai लॉन्च करने जा रही नई धांसू SUV, नेक्सॉन EV से होगा सीधा मुकाबला
Car loan Information:
Calculate Car Loan EMI