चीन की कार निर्माता कंपनी Chery की SUV Omoda 5 को लेकर मलेशिया में बड़ा मामला सामने आया है. सड़क पर चलते समय इस SUV का पिछला एक्सल दोनों पहियों के साथ अलग हो गया, जिसके बाद वाहन की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे. इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे.
इसके बाद मलेशिया के सड़क परिवहन विभाग JPJ ने Omoda 5 की Vehicle Type Approval यानी VTA को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया. इसके चलते संबंधित मॉडल की नई रजिस्ट्रेशन पर रोक लग गई है. कंपनी ने भी प्रभावित वेरिएंट के लिए रिकॉल शुरू किया है. हालांकि, यह कार्रवाई मलेशिया में हुई है और इसे भारत में बिक्री पर लगी रोक नहीं समझना चाहिए.
यह भी पढ़ें: Honda 0 Alpha का इंतजार खत्म, भारत में 2 दिसंबर को उठेगा पर्दा
चलते समय अलग हुआ पिछला एक्सल.
यह घटना 6 अक्टूबर 2026 को मलेशिया के जोहोर बाहरू इलाके में सामने आई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, Chery Omoda 5 सड़क पर चल रही थी, तभी उसका पिछला एक्सल दोनों पहियों के साथ अलग हो गया. घटना की तस्वीरों में SUV सड़क पर अपने पिछले हिस्से के सहारे खड़ी दिखाई दी. इस घटना के बाद वाहन की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, घटना के सभी कारणों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना बाकी है. मलेशिया के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू की. इस जांच में वाहन के निर्माण, असेंबली प्रक्रिया और एक्सल बनाने वाले सप्लायर की गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है.
कंपनी ने प्रभावित कारों के लिए शुरू किया रिकॉल.
Chery Malaysia ने पुराने Omoda 5 के C और H वेरिएंट के लिए रिकॉल अभियान शुरू किया है. इन वेरिएंट में टॉर्शन-बीम रियर सस्पेंशन दिया गया है. कंपनी प्रभावित वाहनों की जांच करेगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित पार्ट को मुफ्त में बदलेगी. ग्राहक अपने वाहन का VIN नंबर इस्तेमाल करके पता लगा सकते हैं कि उनकी कार रिकॉल में शामिल है या नहीं. कंपनी ने मालिकों को अधिकृत सर्विस सेंटर पर संपर्क करने की सलाह भी दी है. वहीं, मलेशिया के अधिकारियों ने कंपनी से संभावित रूप से प्रभावित वाहनों की पहचान करने और जरूरी सुधार करने को कहा है. नई रजिस्ट्रेशन पर लगी रोक तभी हटेगी, जब सुरक्षा संबंधी जांच और जरूरी सुधार पूरे हो जाएंगे.
2024 में भी सामने आई थी ऐसी समस्या.
Omoda 5 के साथ एक्सल से जुड़ी समस्या पहले भी सामने आ चुकी है. मई 2024 में कंपनी ने मलेशिया में 600 वाहनों को रिकॉल किया था. उस मामले में जांच के दौरान पता चला था कि सप्लायर की वेल्डिंग मशीन में गड़बड़ी के कारण कुछ एक्सल के वेल्ड जोड़ पर्याप्त मजबूत नहीं थे. रिपोर्ट के अनुसार, जांच में 60 वाहनों में प्रभावित पार्ट पाए गए थे और उनके पार्ट बदले गए थे. हालांकि, मौजूदा घटना के कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही होगी. फिलहाल, मलेशिया में संबंधित Omoda 5 मॉडल की नई रजिस्ट्रेशन पर रोक है और प्रभावित कारों की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: Hyundai का मास्टरप्लान, 2028-29 तक फिर हासिल करेगी नंबर 2 की कुर्सी?
Car loan Information:
Calculate Car Loan EMI