CJP Protest: अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी और दिल्ली के सेंट्रल पार्क पर लगी पाबंदियों के बावजूद शुक्रवार को कनॉट प्लेस की सड़कों पर माहौल पूरी तरह जुदा नजर आया. बंद दरवाजों के बाहर हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों का जुटना इस बात की तस्दीक करता है कि विरोध की आवाज सिर्फ एक चेहरे तक सीमित नहीं थी.
हालांकि मुख्य नेतृत्व के सलाखों के पीछे पहुंचते ही संगठन पर कानूनी और रणनीतिक शिकंजा कस चुका है. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या यह गिरफ्तारी आंदोलन को नया जनाधार देगी, या फिर कानूनी दबाव के तले यह हलचल बिखर जाएगी?
दिलचस्प पहलू यह है कि 18 अक्टूबर के बाद संगठन की कुंडली में बनने वाले ग्रह-गोचर भी इसी कड़े इम्तिहान की ओर इशारा कर रहे हैं.
बिना मुख्य चेहरे के कैसे टिकेगा मंच? नेतृत्व का सबसे बड़ा इम्तिहान
16 मई 2026 की स्थापना कुंडली के अनुसार CJP का मकर लग्न बनता है, जिसका स्वामी शनि कुंडली के तीसरे भाव में विराजमान है. ज्योतिषीय संदर्भों में तीसरा भाव सीधे तौर पर मैदानी संघर्ष, सघन संवाद, नेटवर्किंग और निरंतर जूझने की क्षमता से जुड़ा है. 18 अक्टूबर से सूर्य की महादशा और गुरु की अंतर्दशा के भीतर शनि का प्रत्यंतर आरंभ हो रहा है.
इसका सीधा और व्यावहारिक अर्थ यह है कि आंदोलन अब केवल एक व्यक्ति के प्रभाव से नहीं चल सकता. दीपके की गैर-मौजूदगी में संगठन के सामने यह सवाल खड़ा है कि सेकंड-लाइन लीडरशिप कौन संभालेगा, अदालती प्रक्रिया और जमीन पर मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल कैसे बैठेगा और सार्वजनिक बयानों में एकरूपता कैसे बनी रहेगी.
शनि का प्रभाव किसी भी संगठन से कड़े अनुशासन और मजबूत सांगठनिक ढांचे की मांग करता है. यदि यह ढांचा कमजोर साबित हुआ, तो शुरुआती उत्साह जल्द ही ठंडा पड़ सकता है.
18 से 20 अक्टूबर के बीच शनि और चंद्रमा का संकेत
17 अक्टूबर दोपहर के समय आसमान में घूम रहा शनि ठीक उसी जगह पहुंच चुका है, जहां CJP की शुरुआत के वक्त था. ज्योतिष में इसे संगठन का सबसे कड़ा इम्तिहान माना जाता है.
इसका सीधा मतलब यह है कि अभी किसी चमत्कार या तुरंत रिहाई की उम्मीद करने के बजाय, संगठन को अपनी कानूनी तैयारी और कागजी कार्रवाई पूरी तरह मजबूत रखनी होगी.
इसके साथ ही, 19 अक्टूबर की दोपहर चंद्रमा उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में प्रवेश करेगा, जो संगठन के जन्म नक्षत्र कृत्तिका के आधार पर 'जन्म तारा' बनता है. यह समय सार्वजनिक टकराव बढ़ाने के बजाय आंतरिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और बिखराव को थामने का रहेगा.
वहीं 20 अक्टूबर को चंद्रमा के श्रवण नक्षत्र में जाने पर 'संपत तारा' की स्थिति बनेगी, जहां से संगठन को नए कानूनी परामर्श, सहयोगियों का साथ और जरूरी संसाधन जुटाने की दिशा मिल सकती है. ये दोनों दिन हंगामे से ज्यादा पर्दे के पीछे की ठोस तैयारी के लिए महत्वपूर्ण हैं.
सरकार के लिए नई चुनौती!
कनॉट प्लेस के जमावड़े में केवल मतदाता सूची या SIR का तकनीकी विवाद ही नहीं गूंजा. सोशल मीडिया के जरिए पहुंचे कई युवाओं ने बेरोजगारी, मणिपुर और लोकतांत्रिक असहमतियों जैसे मुद्दों पर भी मुखरता दिखाई.
जब किसी एक मुद्दे के इर्द-गिर्द विभिन्न जनसरोकार जुड़ने लगें, तो वह सत्ता पक्ष के लिए संवेदनशील स्थिति खड़ी करता है.
आम नागरिक के लिए निर्वाचन आयोग की जटिल प्रक्रिया को समझना जितना मुश्किल है, किसी प्रदर्शन पर रोक या नेतृत्व की गिरफ्तारी जैसे कदमों से कनेक्ट करना उतना ही आसान होता है.
यदि यह विमर्श 'नागरिक अधिकारों' और 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता' के इर्द-गिर्द केंद्रित होता है, तो विपक्ष को सरकार को घेरने का एक बड़ा राजनीतिक आधार मिल सकता है.
आक्रामकता छोड़ कानूनी मजबूती और अनुशासन पर टिकेगा भविष्य
ज्योतिषीय गणना के आधार पर CJP के लिए सबसे संकेत बन रहे हैं कि वह सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन या भावुक बयानों के बजाय अपनी पूरी ताकत पुख्ता कानूनी तैयारी और वकीलों की मजबूत पैरवी पर लगाए.
तीसरे भाव में शनि की यह स्थिति चीख-पुकार से नहीं, बल्कि कड़े अनुशासन, ठंडे दिमाग और पुख्ता कागजी कार्रवाई से पार पाने की मांग करती है.
इसलिए संगठन को बिना किसी एक चेहरे पर निर्भर रहे अपनी सेकंड-लाइन लीडरशिप को आगे लाना चाहिए और आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण व व्यवस्थित रखकर पहले अपने अंदरूनी बिखराव को समेटना चाहिए, क्योंकि शनि की इस परीक्षा में अनुशासनहीनता सीधे पूरे अभियान की साख को नुकसान पहुंचा सकती है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
