Duck Farming Tips: किसानों के लिए पशुपालन के साथ बत्तख पालन भी कमाई का एक अच्छा विकल्प बन सकता है. सही नस्ल का चुनाव, चूजों की बेहतर देखभाल और पर्याप्त संख्या में पालन किया जाए तो कुछ ही महीनों में अंडों से आमदनी शुरू हो सकती है. बत्तख की खाकी कैंपबेल नस्ल को अंडा उत्पादन के लिए अच्छी नस्लों में गिना जाता है. इसकी खासियत यह है कि यह कम उम्र में अंडे देना शुरू कर देती है और सालभर में अच्छी संख्या में अंडे देती है.

Continues below advertisement

5वें महीने से मिलने लगते हैं अंडे

इस नस्ल की मादा बत्तख करीब पांच महीने की उम्र में अंडे देना शुरू कर देती है. आम तौर पर कई बत्तख नस्लों से साल में करीब 250 से 280 अंडे मिलते हैं, जबकि खाकी कैंपबेल से 300 से 320 अंडे सालाना मिलने का दावा किया जाता है. इसके अंडे का औसत वजन करीब 70 ग्राम तक बताया गया है.

Continues below advertisement

खाने वाले अंडे से ज्यादा मिल सकता है हैचिंग में दाम

बत्तख के अंडों को खाने के लिए बेचने पर करीब 6 रुपये प्रति अंडा कीमत मिल सकती है. वहीं, चूजे तैयार करने यानी हैचिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले अंडों की कीमत 12 से 13 रुपये तक बताई गई है. इन अंडों से करीब 28 से 30 दिन में चूजे निकल आते हैं. तैयार चूजों को आगे बाजार में करीब 40 से 45 रुपये तक में बेचने का दावा किया गया है. इस तरह अंडे के अलावा चूजों की बिक्री से भी कमाई का रास्ता बन सकता है.

यह भी पढ़ें: डेयरी बिजनेस शुरू कर रहे हैं? पशु खरीदने से पहले जानें ये बातें

1000 बत्तखों से कितना हो सकता है कारोबार?

अगर कोई किसान 1000 बत्तखों का पालन करता है और इनमें करीब 700 मादा हैं, तो अंडा उत्पादन शुरू होने के बाद रोजाना बड़ी संख्या में अंडे मिल सकते हैं. शुरुआती दौर में हर मादा से औसतन एक अंडा मिलने के हिसाब से करीब 700 अंडे रोज मिल सकते हैं. हालांकि उत्पादन हर दिन एक जैसा नहीं रहता. मौसम, दाना, बत्तखों की सेहत और देखभाल का सीधा असर अंडों की संख्या पर पड़ता है. इसलिए कम से कम 500 अंडे रोज मिलने का अनुमान लगाकर कारोबार का हिसाब लगाना ज्यादा सुरक्षित हो सकता है.

500 अंडे रोज बिकें तो कितनी कमाई?

अगर 500 अंडे रोजाना 12 रुपये की दर से हैचिंग के लिए बिकते हैं, तो करीब 6000 रुपये की दैनिक बिक्री बनती है. इस हिसाब से महीने में करीब 1.80 लाख रुपये और साल में 21.60 लाख रुपये की बिक्री हो सकती है. हालांकि यह कुल बिक्री का अनुमान है, इसे सीधे मुनाफा नहीं माना जा सकता. दाना, चूजों की खरीद, शेड, दवा, मजदूरी और दूसरी लागत निकालने के बाद वास्तविक कमाई तय होगी.

यह भी पढ़ें: 10 देसी गायों की डेयरी शुरू करने पर 11.80 लाख तक अनुदान, ऐसे मिलेगा फायदा